पति की मृत्यु के बाद भारती आज पहली बार नौकरी पर जा रही थी। एक महीने का अवकाश लिया था और कितना लेती! नौकरी पर तो जाना ही था। उसने एक क्रीम कलर की साड़ी निकाली, पैरों पर ध्यान गया, बिछिया और नेल पॉलिश बिना पैर बहुत सूने लग रहे थे। उसने हल्के रंग की नेल पॉलिश पैरों के नाखूनों पर लगा दी, मैचिंग चूड़ियाँ निकाली किंतु उन्हें पहनने का दिल नहीं किया। एक हाथ में दो सोने की चूड़ी, एक हाथ में घड़ी ठीक है; कांच की चूड़ियों के बिना भी हाथ इतने बुरे नहीं लग रहे हैं। उसने हल्के रंग की लिपस्टिक भी लगा ली। अब उसके सामने असली समस्या बिंदी की थी। पति के रहते वह बहुत बड़ी बिंदी लगाती थी। बिना बिंदी के वह अपना चेहरा स्वयं नहीं देख पाती किंतु लोग क्या कहेंगे, यह सोच कर हाथ में बिंदी का पत्ता लिए  समझ नहीं पा रही थी कि बिंदी लगाए अथवा नहीं । एक बार उसने माथे पर बिंदी लगा ली किंतु अगले ही पल उसे बिंदी  के पत्ते में चिपका दिया।

      तभी उसे पति की तेरहवीं की घटना याद आई। उसके मायके से साड़ी के साथ- साथ रस्म के मुताबिक श्रृंगार का सामान भी आया था। पंडित जी के साथ जेठ जी बैठे सामान देख रहे थे। बिंदी देखते ही वह बिदक गए,”मर्यादा भी निभानी पड़ती है, बिंदी हटा दो इसमें से।” उन्होंने बेटी से कहा लेकिन बेटी अड़ गई थी।

” मेरी माँ बाहर जाती है; ज़रूरी नहीं है कि वह मनहूस शक्ल लेकर जाए। जमाना अब पहले वाला नहीं है ताऊ जी। माँ बिंदी लगाएगी।” और भारती ने हाथ में देर से पकड़े हुए पत्ते से बिंदी‌ निकाली और माथे पर लगा ली।

डॉ. विद्या सिंह निजी रचनाओ के अलावा कइ पुस्तकों का सम्पादन कर चुकी हैं, जिनमें  उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय हरिद्वार, बी.ए. द्वितीय वर्ष के लिए पाठ्य पुस्तक प्रमुख हैं। अनगीनत साहित्य सम्मान से सम्मनित विद्या जी सम्प्रति महिला काव्य मंच, उत्तराखंड और अध्यक्ष धाद साहित्य एकांश, देहरादून के अध्यक्ष हैं। भ्रमण में रुचि के करण विद्या जी नेपाल, कम्बोडिया, वियतनाम, थाईलैण्ड, दुबई, मॉरिशस, स्विट्जरलैण्ड, बेल्जियम, हॉलैण्ड, फ्रांस, दुबई,मिस्र, उज़्बेकिस्तान, अमेरिका आदि देशों का भ्रमण कर चुके हैं